‘स्वदेशी करते-करते परदेसी हो गए…’, अखिलेश ने BJP सरकार पर बोला हमला, कहा- चीन से आयात का विरोध कर रहे थे, अब स्वागत कर रहे

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उनके संगी-साथी स्वदेशी का नारा लगाते-लगाते परदेसी हो गए हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग कल तक चीन से आयात का विरोध कर रहे थे, आज वही उसका खुलेआम स्वागत करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के वैचारिक उस्ताद शायद पड़ोसी देश से एकदलीय व्यवस्था का मास्टर क्लास ले रहे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग आज भारत आकर मुलाकात कर रहे हैं, उनका कागजों में कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ये लोग अनरजिस्टर्ड हैं और कहीं भी पंजीकृत नहीं हैं। अखिलेश ने सवाल उठाया कि अगर आज मुलाकात हो रही है तो इसकी तैयारी कई सालों से चल रही होगी, फिर इतने सालों तक बहिष्कार का जो ड्रामा किया गया, क्या वह सिर्फ भाजपा समर्थकों की आंखों में धूल झोंकने के लिए था।

उन्होंने कहा कि भाजपा के वे समर्थक, जो चीनी सामान के बहिष्कार के लिए घर-घर जाकर दरवाजे खटखटाते थे, आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अखिलेश के मुताबिक समर्थक आपस में व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर कह रहे हैं कि सुना तो था कि भाजपा किसी की सगी नहीं है, लेकिन हमारे साथ ही धोखा हो गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब इन समर्थकों को अपने वैचारिक पूर्वजों की तरह भूमिगत होना पड़ेगा और वे ‘रंगे सियार’ की उस कहानी को भूल गए थे, जिसका सच एक दिन बारिश में सबके सामने आ ही जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *