भिण्ड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि बेटी की शादी के बाद भी उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो पिता को मंजूर नहीं था। इसी गुस्से और झूठी इज्जत के नाम पर पिता ने बेटी को खेत में बुलाया और सीने में गोली मारकर उसकी जान ले ली, फिर शव को झाड़ियों में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने मां की शिकायत पर आरोपी पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मेहगांव थाना क्षेत्र के खेरिया थापक गांव निवासी मुन्नेश धानुक ने अपनी बेटी निधि की शादी महज दो महीने पहले 11 नवंबर 2025 को ग्वालियर निवासी देवू से की थी। शादी के बाद भी निधि का गांव के ही रिश्ते में चाचा लगने वाले युवक से प्रेम संबंध बना रहा। 28 दिसंबर को निधि अपने पति के साथ शॉपिंग करने गई थी, जहां उसने लगभग पांच हजार रुपये की खरीदारी की। इसी दौरान उसने प्यास लगने की बात कही और जैसे ही पति पानी लेने गया, निधि वहां से अचानक गायब हो गई।
निधि के लापता होने के बाद पति, ससुराल और मायके पक्ष ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। कुछ समय बाद निधि खुद थाने पहुंची और अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाने की बात कही। यही बात उसके पिता मुन्नेश को नागवार गुजरी और उसने इसे अपनी इज्जत पर हमला मान लिया।
आरोप है कि मंगलवार को पिता ने बेटी को बातों में उलझाकर घर बुलाया और फिर खेत में ले जाकर उसके सीने में गोली मार दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर निधि की मां ने पुलिस को सूचना दी। मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर समाज में ऑनर किलिंग जैसे जघन्य अपराध पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

