सट्टा लगाओ, तीन गुना पैसा पाओ: ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में “सट्टा लगाओ, तीन गुना पैसा पाओ” का झांसा देकर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 16 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, बड़ी संख्या में सिम कार्ड और 36 हजार 250 रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह पूरा मामला कोलार थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी लोगों को तीन गुना पैसा मिलने का लालच देकर सट्टे में फंसाते थे और ऑनलाइन क्रिकेट मैचों पर सट्टा खिलाने का संगठित नेटवर्क चला रहे थे। आरोपी अलग-अलग बैंक खातों और कैश के जरिए सट्टे की रकम वसूलते थे और कोलार रोड स्थित आशियाना हाईट्स के एक फ्लैट से पूरे सट्टे के खेल का संचालन किया जा रहा था।

पुलिस ने सर्च वारंट के साथ दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भोपाल निवासी अमित सुहाने और जबलपुर निवासी अमित रावत के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अवैध सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *