छिंदवाड़ा नवोदय स्कूल में लापरवाही: दो छात्र अचानक परिसर से लापता, मचा हड़कंप

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के सिंगोड़ी गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से दो छात्रों के अचानक लापता होने की खबर सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि विद्यालय में पढ़ने वाले दो छात्र बिना किसी सूचना के स्कूल परिसर से गायब हो गए। काफी समय तक जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो स्कूल प्रबंधन ने मामले की जानकारी प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही अमरवाड़ा एसडीएम हेमकरण धुर्वे और सिंगोड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यालय प्रबंधन से लापता छात्रों को लेकर विस्तार से जानकारी ली।

प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों के गायब होने के समय, उनकी गतिविधियों और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल-जवाब किए। इसके बाद विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। पुलिस ने छात्रों के सहपाठियों से भी पूछताछ की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दोनों छात्र किन हालात में और किस दिशा में विद्यालय से बाहर निकले थे।

इस घटना के बाद एक बार फिर जवाहर नवोदय विद्यालय का प्रबंधन सवालों के घेरे में आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब स्कूल की लापरवाही सामने आई हो। इससे पहले भी अनुशासन और सुरक्षा से जुड़े कई मामले उजागर हो चुके हैं, लेकिन अब तक जिम्मेदारों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। घटना के बाद अभिभावकों में गहरी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *