ड्रग तस्कर अबान शकील की लग्जरी जिंदगी का खुलासा, कोठी की पोर्च में खड़ी थीं करोड़ों की कारें और बाइक

ग्वालियर। ड्रग तस्कर अबान शकील की चमकदार और आलीशान जिंदगी का चौंकाने वाला सच सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अबान शकील एक लग्जरी लाइफ स्टाइल जीता था और उसकी कोठी की पोर्च में करोड़ों रुपये की महंगी कारें और बाइक खड़ी थीं। बताया जा रहा है कि वह भोपाल में सेंट माइकल स्कूल और सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी भी चलाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि अबान ने जिमिंग के दौरान एमडी ड्रग्स का सेवन शुरू किया था। नशे की हालत में वर्कआउट और वेट लिफ्टिंग करने से उसे वजन का एहसास तक नहीं होता था, और यहीं से वह नशे की दुनिया में गहराई तक उतरता चला गया।

थार गाड़ी से करता था एमडी ड्रग्स की सप्लाई

दरअसल राजधानी भोपाल से ड्रग तस्कर अबान शकील को इंदौर क्राइम ब्रांच और कनाडिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह थार गाड़ी से ड्रग्स की सप्लाई देने वाला है और किसी का इंतजार कर रहा है। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 5.5 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसके बाद पूरे नेटवर्क की परतें खुलने लगीं।

भोपाल से इंदौर तक फैला था ड्रग्स का नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि अबान शकील भोपाल के लोकल ड्रग तस्करों से एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर में खपाने का काम करता था। इंदौर के कई लाउंज और पब में उसके परमानेंट ग्राहक थे। वह करीब दस हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से एमडी ड्रग्स बेचता था। फिलहाल पुलिस अबान शकील से गहन पूछताछ कर रही है और उसके पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *