भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है, 2027 में सपा सरकार बनते ही होंगे बड़े बदलाव: अखिलेश यादव का बड़ा हमला

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा अन्याय और अधर्म के रास्ते पर चल रही है और यह पूरी तरह से नाकाम सरकार साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनहित में कोई ठोस काम नहीं किया और प्रदेश की पूरी व्यवस्था को बिगाड़ दिया है। स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद हो चुकी हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है और किसानों, नौजवानों, महिलाओं समेत हर वर्ग संकट में है। महंगाई और बेरोजगारी ने जनता की कमर तोड़ दी है और आम आदमी परेशान है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और जब भी कमजोर होती है, तो और ज्यादा साम्प्रदायिक हो जाती है। उन्होंने भाजपा नेताओं को ‘आरोपजीवी’ बताते हुए कहा कि इनका काम सिर्फ समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाना है। भाजपा एक पूंजीवादी पार्टी है, जो सिर्फ पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए काम करती है और उन्हें बैंकों से कर्ज दिलाने में लगी रहती है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है, जो झूठे वादे करती है, जबकि सत्य और न्याय का रास्ता ही धर्म का रास्ता है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा अन्याय और अत्याचार कर रही है, लोगों को अपमानित कर रही है और जैसे ही उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा होगी, बुलडोजर का पता नहीं चलेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में यूपी की जनता भाजपा को डिटेंशन सेंटर में भेज देगी।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति करती है और विकास, नौकरी और रोजगार की बात करती है। सपा नकारात्मक राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश में बड़े पैमाने पर विकास के कार्य हुए हैं और 2027 में सपा की सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, गरीबों और महिलाओं के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जो वादा करती है, उसे पूरा करती है। सपा सरकार के दौरान महिलाओं को पेंशन दी गई, छात्राओं को कन्या विद्या धन मिला, बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की गई और 102 व 108 एंबुलेंस सेवाएं लागू की गईं। अखिलेश यादव ने भरोसा जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे फार्म-6 भरवाकर हर पात्र, नए और छूटे मतदाता का नाम 6 फरवरी से पहले मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं और भाजपा की हेराफेरी से सावधान रहें, क्योंकि भाजपा एक बेईमान पार्टी है और बेईमानी करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *