मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प्रयागराज की संगम नगरी में आस्था का महासंगम देखने को मिल रहा है। संगम तट पर दूसरे अमृत स्नान पर्व के दौरान सुबह से ही सभी घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। दोपहर 4 बजे तक 91 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया है और अभी भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है। मेला प्रशासन का अनुमान है कि आज दो से ढाई करोड़ तक श्रद्धालु संगम में स्नान कर सकते हैं, जिसके लिए व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई हैं।
गौरतलब है कि प्रयागराज में माघ मेले की शुरुआत 3 जनवरी को पौष पूर्णिमा के स्नान के साथ हुई थी। कल्पवास के दौरान देश और दुनिया के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालु माघ मेले में शामिल हो रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा वर्ग तड़के सुबह से ही संगम पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।
माघ मेला 2024 में मकर संक्रांति के पर्व पर करीब 28.95 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था, जबकि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या लगभग तीन गुना तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। इसी को देखते हुए मेला प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन का मेगा प्लान तैयार किया है। माघ मेला अधिकारी ऋषिराज के अनुसार सुगम यातायात और बेहतर भीड़ नियंत्रण के लिए इस बार 42 अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जहां एक लाख से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

