भोपाल। मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के लिए कल का दिन खुशखबरी लेकर आ रहा है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करीब एक करोड़ 25 लाख 31 हजार से ज्यादा पात्र महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर करेंगे। इसके साथ ही 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भी अंतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव माखन नगर बाबाई में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे। इसी मंच से लाडली बहनों को यह आर्थिक सौगात दी जाएगी।
लाडली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी और नवंबर 2025 से इस योजना की राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई। अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।
योजना के तहत जून 2023 से दिसंबर 2025 तक अब तक कुल 48 हजार 632 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि हितग्राही महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है, जबकि जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच 38 हजार 635 करोड़ 89 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।
लाडली बहना योजना ने प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान देने का काम किया है। आने वाले समय में सरकार का फोकस इन महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल उन्नयन से जोड़ने पर रहेगा, ताकि वे आर्थिक रूप से और ज्यादा मजबूत बन सकें।

