लखनऊ। राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल को आज 10 साल पूरे हो चुके हैं और यह भारत में उद्यमिता, नवाचार, रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत नींव बन चुकी है।
सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू हुई ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल ने युवाओं में उद्यमिता की भावना को नई उड़ान दी है और देश को इनोवेशन ड्रिवन इकोनॉमी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में स्टार्टअप इंडिया ने लाखों युवाओं को उद्यम, उद्योग और नवाचार के नए अवसर प्रदान किए हैं। आज उत्तर प्रदेश भी देश के अग्रणी स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में तेजी से उभर रहा है, जहां युवा अपने आइडियाज के दम पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यह विकासोन्मुख अभियान आत्मनिर्भर और विकसित भारत की यात्रा को नई ऊर्जा दे रहा है और आने वाले समय में इसका लाभ देश के हर कोने तक पहुंचेगा।

