उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ केएल राहुल शुक्रवार को उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। केएल राहुल नंदी हॉल में बैठकर पूरे भक्तिभाव के साथ भगवान महाकाल की आराधना करते नजर आए और देश व भारतीय टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की।
दर्शन के दौरान केएल राहुल पूरी तरह आस्था में लीन दिखे। उन्होंने भगवान महाकाल से आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन और टीम इंडिया की जीत का आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर में उनकी मौजूदगी को लेकर श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि 18 जनवरी को इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाना है। इस अहम मैच से पहले भारतीय क्रिकेटरों का महाकालेश्वर मंदिर पहुंचना लगातार जारी है और इसी क्रम में केएल राहुल भी उज्जैन पहुंचे।
केएल राहुल भगवान महाकाल के अनन्य भक्त माने जाते हैं और वे इससे पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। हर बार की तरह इस बार भी उन्होंने मैदान पर शानदार प्रदर्शन और टीम इंडिया की जीत की कामना के साथ बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

