जो खेलेगा वही खिलेगा, सीएम योगी ने अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय बास्केटबॉल महिला प्रतियोगिता 2025-26 के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अगर देश का युवा खेलकूद की गतिविधियों में आगे बढ़ेगा तो वह नशे और तमाम सामाजिक विकृतियों से दूर रहेगा।

सीएम योगी ने कहा कि जो खेलेगा वही खिलेगा और जब युवा आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ हम विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से कदम बढ़ा सकते हैं। खेल न सिर्फ शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप खेल इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट, सांसद खेल स्पर्धा और हर जिले में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सेंटर स्थापित कर खेल संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने खेल विवरणिका का भी विमोचन किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि शिवावतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा गोरखपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना उनके लिए गर्व का विषय है।

सीएम योगी ने कहा कि खेल से युवाओं को खेलने, आगे बढ़ने और जीवन में सफल होने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत और विकसित भारत की नींव रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *