पन्ना में बड़ा भू-माफिया कांड, कांग्रेस नेता गिरफ्तार, फर्जी भाई की तलाश जारी

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद सनसनीखेज भू-माफिया कांड सामने आया है, जहां कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री श्रीकांत उर्फ पप्पू दीक्षित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कांग्रेस नेता पर आदिवासी महिलाओं की करोड़ों रुपए की पैतृक जमीन हड़पने का गंभीर आरोप है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान ने बताया कि तहसील शाहनगर के ग्राम तखोरी में पप्पू दीक्षित ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ‘फर्जी भाई’ खड़ा किया। पीड़िता संतोष रानी का आरोप है कि उसके पिता की मौत और मां के अंधेपन का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने राजाराम नाम के व्यक्ति को उनका भाई बताकर पेश किया और मात्र 35 हजार रुपए देकर करोड़ों की जमीन अपने नाम करवा ली।

मामले की शिकायत के बाद एसडीएम स्तर पर कराई गई जांच में इस बड़े फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट में साफ सामने आया कि मृतक का कोई बेटा था ही नहीं और जमीन हड़पने के लिए दस्तावेजों में जानबूझकर हेरफेर की गई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पप्पू दीक्षित को उनके निवास से गिरफ्तार किया।

एडिशनल एसपी वंदना सिंह चौहान ने स्पष्ट कहा है कि आदिवासी समाज के साथ अन्याय करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस कांड में शामिल दो अन्य आरोपी, अनुपम त्रिपाठी और फर्जी भाई राजाराम फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *