यहां तो अपने ही बने कातिल, जमीन विवाद में बाप-बेटे ने मिलकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी को बेरहमी से मौत की नींद सुला दिया। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाप-बेटा मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

पूरा मामला थाना तिलहर क्षेत्र के जोधपुर नवदिया गांव का है। यहां रहने वाले महाराज सिंह यादव और उनकी पत्नी माया देवी के बीच कई सालों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते महाराज सिंह अपने बड़े बेटे के साथ अलग रहता था, जबकि माया देवी छोटे बेटे के साथ रह रही थी। घटना वाले दिन भी जमीन को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि महाराज सिंह और उसके बड़े बेटे ने मिलकर लाठी-डंडों से माया देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी।

मारपीट इतनी ज्यादा थी कि माया देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फरार आरोपी पिता-पुत्र की तलाश शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *