भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे केवल सत्ता में नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में भी रहते हैं। जनता की एक सच्ची अपील पर उनका दिल पसीज गया और उन्होंने बिना देर किए दिव्यांग युवक की ख्वाहिश पूरी कर दी। दरअसल, एक दिव्यांग युवक ने मुख्यमंत्री से भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में हो रहे मैच को स्टेडियम में जाकर लाइव देखने की इच्छा जताई थी, लेकिन टिकट न मिलने की मजबूरी भी बताई थी। यह अपील वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर की गई थी।
यह वीडियो उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के गांव बमनापानी निवासी दिव्यांग अभिषेक सोनी का था। वीडियो में अभिषेक ने मुख्यमंत्री से हाथ जोड़कर कहा कि उन्हें क्रिकेट देखने का बेहद शौक है और भारत-न्यूजीलैंड वनडे मैच को मैदान से देखने का सपना है, लेकिन टिकट का इंतजाम नहीं हो पा रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक जैसे ही यह बात पहुंची, उन्होंने एक पल भी नहीं गंवाया और तुरंत अभिषेक के लिए मैच का टिकट उपलब्ध करा दिया।
टिकट मिलने के बाद अभिषेक सोनी खुशी से झूम उठे और टीम इंडिया की जर्सी पहनकर इंदौर स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने कैमरे के सामने टिकट दिखाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया और कहा कि उनकी वजह से आज उनका सपना पूरा हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इससे पहले भी कई बार मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश कर चुके हैं। कभी वे आम आदमी की तरह बाजार में जाकर यूपीआई से भुगतान करते नजर आते हैं, तो कभी जनता के साथ चाय पर चर्चा करते दिखाई देते हैं। एक बार वे सड़क किनारे भुट्टा खरीदते और बच्चों को दुलारते भी नजर आए थे, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। मुख्यमंत्री का यही सरल और संवेदनशील स्वभाव उन्हें आम लोगों से जोड़ता है और यही वजह है कि जनता उन्हें अपना नेता मानती है।

