शहडोल। जिले की सीमा पर स्थित चाचाई थाना क्षेत्र के बरंगवा मेले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आकाश झूला उतारने के दौरान एक हाइड्रा वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के समय झूले को खोलने और नीचे उतारने का काम चल रहा था और आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, हाइड्रा के पलटते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आकाश झूले के पास कई लोग खड़े होकर उसे उतारने की प्रक्रिया देख रहे थे, तभी अचानक हाइड्रा का संतुलन बिगड़ा और खतरा भांपते ही लोग कूदकर और भागकर अपनी जान बचाने लगे। इस घटना में कई लोग बाल-बाल बच गए, अगर कुछ सेकेंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद झूले का काम तुरंत रोक दिया गया और मेला परिसर में दहशत का माहौल बन गया। दुकानदारों और दर्शकों में भगदड़ जैसी स्थिति नजर आई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और मेला प्रबंधन मौके पर पहुंचा और हालात को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए, वहीं मेला समिति ने झूले और भारी मशीनों के संचालन में लापरवाही की आशंका जताते हुए जांच की बात कही है। बरंगवा मेले में हर साल बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और इस घटना ने मेला प्रशासन व सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

