भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गौमांस मिलने के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है और कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बीजेपी को सीधे तौर पर घेर लिया है। कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने इस मामले को लेकर तीखा बयान देते हुए कहा है कि जो नेता खुद को हिंदू हृदय सम्राट बताते हैं, वे अब इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं।
पीसी शर्मा ने आरोप लगाया कि बीजेपी के नेता माइनॉरिटी मुस्लिम्स से हर बात पर नफरत जताते हैं, लेकिन पैसे लेने के वक्त कोई फर्क नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में भाजपा सरकार को महापौर, निगम आयुक्त और एमआईसी की भूमिका की जांच करानी चाहिए और सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश में गायों की हत्या के मामलों में कहीं भी सख्त कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। जिन लोगों ने स्लॉटर हाउस को अनुमति दी, उनके घरों पर भी बुलडोजर चलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि भोपाल में गौ माता की हत्या और इंदौर में लोगों की हत्या जैसे मामलों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

