पुलिस की बेरहमी: मदद के लिए बुलाई डायल 112, आरक्षक ने प्लास्टिक पाइप से की पिटाई, वीडियो वायरल

सतना। मध्य प्रदेश के केसतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र के रेहुटा गांव से पुलिस की बर्बरता का मामला सामने आया है, जहां जमीन विवाद में मदद मांगने वाले एक किसान के साथ पुलिसकर्मी ने मारपीट की। किसान ने न्याय की उम्मीद में डायल 112 पर कॉल किया था, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर ही गंभीर आरोप लग गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक रेहुटा गांव निवासी किसान ब्रजमोहन मिश्रा लंबे समय से जमीन विवाद से परेशान थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने डायल 112 पर फोन कर पुलिस सहायता मांगी। आरोप है कि मौके पर पहुंची डायल 112 टीम ने विवाद सुलझाने के बजाय किसान के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि टीम में शामिल आरक्षक लाल सिंह ने किसान को प्लास्टिक के पाइप से बेरहमी से पीटा।

घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पूरी वारदात को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किसान की ओर से कोई उकसाने वाली हरकत नहीं की गई थी, इसके बावजूद पुलिसकर्मी उस पर लाठियां बरसाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद किसान को जबरन पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को निंदनीय बताया है और कहा है कि ऐसी घटनाओं से पुलिस पर जनता का भरोसा टूटता है। डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा, जिस पर लोग मदद के लिए निर्भर रहते हैं, उसी सेवा से जुड़े पुलिसकर्मियों द्वारा शिकायतकर्ता के साथ मारपीट किया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *