एटा। एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगर प्रेमी में दिनदहाड़े हुई ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, मकान के नीचे वाले कमरे में बुजुर्ग गंगा सिंह का शव मिला, जबकि दूसरी मंजिल पर उनकी बहू रत्ना सिंह और नातिन ज्योति खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसी हमले में बुजुर्ग श्यामा देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें पुलिस ने तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और सभी पहलुओं से मामले की छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस अज्ञात हत्यारे की तलाश में जुटी हुई है।

