मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर में गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना बेटमा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक घर में रखा गैस सिलेंडर पहले से लीक हो रहा था, इसी दौरान आग भड़क उठी और सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बच्चों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। शुरुआती जांच में गैस लीक होने के कारण आग लगने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पूरी पड़ताल की जा रही है।

