चायनीज मांझा बना जानलेवा, हेलमेट पहने बाइक सवार का कटा गला, हालत गंभीर

बुधनी(सीहोर)। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में चायनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। घर से कंपनी की ड्यूटी पर जा रहे एक बाइक सवार व्यक्ति का गला पतंग के मांझे से कट गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच सकी।

यह घटना बुधनी के माना इलाके में नयन गार्डन के पास की है। घायल की पहचान 43 वर्षीय सुखदेव वर्मा पिता हीरालाल के रूप में हुई है। सुखदेव वर्मा बाइक से एक अन्य व्यक्ति के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी सड़क पर फैले चायनीज मांझे की चपेट में आ गए।

घायल ने बताया कि उसने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हेलमेट की नीचे लगी बद्दी पूरी तरह कट गई और मांझा सीधे गले में लग गया। इसके बाद गले से तेज खून बहने लगा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद घायल सुखदेव वर्मा को निजी मधुबन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार समय रहते अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच पाई। इस हादसे के बाद एक बार फिर प्रतिबंध के बावजूद चायनीज मांझे की बिक्री और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *