रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर दंपती से लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो शराब पीने और अपनी गर्लफ्रेंड पर पैसे खर्च करने के लिए लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने दंपती से 23 हजार 900 रुपये की लूट की थी, जिसमें से पुलिस केवल 6 हजार 350 रुपये ही बरामद कर पाई, बाकी रकम आरोपी अय्याशी में उड़ा चुके थे। गिरफ्तार आरोपियों में 2 शादीशुदा और 4 कुंवारे हैं। पूरे मामले का खुलासा एसपी Amit Kumar ने डीएसपी Anisha Jain की मौजूदगी में किया।
घटना 5 जनवरी 2026 की है, जब सांवलिया रूंडी निवासी राकेश मईड़ा अपनी पत्नी संगीता के साथ बाइक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर वालारूंडी के पास अवैध कट से घुसे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार 6 बदमाशों ने उनका पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर आगे बाइक अड़ाकर दंपती को डराया-धमकाया और उनसे 23 हजार 900 रुपये नकद, मोबाइल फोन और चांदी की दो चूड़ियां लूट लीं। आरोपियों की संख्या पांच से अधिक होने के कारण पुलिस ने डकैती की धाराएं जोड़ते हुए जांच शुरू की।
पुलिस जांच में करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान लूटे गए मोबाइल की सिम सागोद रोड स्थित स्वर्ण सागर कॉलोनी के पास एक हॉस्टल क्षेत्र में सक्रिय मिली। जांच करने पर पता चला कि हॉस्टल का एक छात्र उस सिम का उपयोग कर रहा था, जिसे वह सड़क से मिला हुआ बता रहा था। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जांच में सामने आया कि आरोपी बांगरोद इलाके में तालाब की पाल पर झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, करीब 6 हजार रुपये कीमत की चांदी की चूड़ियां और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की है। पुलिस ने कैलाश, फतेहसिंह उर्फ फतिया, दिनेश उर्फ कालू, बाबूलाल उर्फ बबलू, सतीश और लखन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी शौक और अय्याशी के लिए अपराध की राह पर उतर गए थे।

