जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दिनदहाड़े घर में घुसकर युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना जबलपुर के थाना रांझी क्षेत्र के मानेगांव की है, जहां सुबह-सुबह आयुष सोनकर नामक युवक पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हत्या करने वाले दो बदमाश थे, जिनमें से एक आरोपी की पहचान राजू खटीक के रूप में हो चुकी है।
हमले के बाद लहूलुहान हालत में आयुष को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही थाना रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

