छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। इंडियन आर्मी के एक जवान को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, हादसा इतना भीषण था कि जवान की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक जवान नागालैंड में तैनात थे और कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा आए हुए थे। बताया जा रहा है कि वह रात के समय किसी निजी काम से घर से बाहर निकले थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की खबर जैसे ही गांव और परिजनों तक पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। देश की सेवा करने वाला जवान जब अपने घर लौटा था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि उसकी छुट्टी आखिरी बन जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। जवान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि फरार वाहन और चालक की तलाश के साथ हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

