नाती से मिलने जा रही महिला से दुष्कर्म, लिफ्ट के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर की दरिंदगी

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है, जहां अपने नाती से मिलने जा रही एक महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। यह मामला घट्टिया थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता पानबिहार जाने के लिए निकली थी, तभी रास्ते में उसकी मुलाकात मोहम्मद शफी उर्फ शेफू मंसूरी से हुई। आरोपी ने महिला को बातों में उलझाया और बाइक पर लिफ्ट देने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ बैठा लिया। इसके बाद वह महिला को ढाबला गांव के रेहवारी के पास साहेबखेड़ी तालाब किनारे सुनसान इलाके में ले गया, जहां जबरन उसके साथ दरिंदगी को अंजाम दिया।

महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों और पीड़िता ने आरोपी की मौके पर ही जमकर पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शफी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *