ग्वालियर। ग्वालियर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां तीन चचेरे भाइयों ने मिलकर अपने ही भाई की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। यह घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के शिवशक्ति नगर की है, जहां मोबाइल और पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
शिवशक्ति नगर निवासी 28 वर्षीय नरेंद्र बाथम का अपने चाचा के बेटों जगदीश बाथम, बल्लू बाथम और राकेश बाथम से पिछले करीब 15 दिनों से पैसे और मोबाइल को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह नरेंद्र जब उनके घर पहुंचा और अपने पैसे व मोबाइल की मांग की, तो कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों चचेरे भाइयों ने मिलकर नरेंद्र की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और नरेंद्र को घर ले गए। बेहोश हालत में उसे होश में लाने के लिए पानी डाला गया और कपड़े बदलकर सुला दिया गया, लेकिन जब दोपहर करीब तीन बजे तक भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। मृतक के परिजनों ने पुलिस को कुछ वीडियो भी सौंपे, जिन्हें सबूत बताया जा रहा है। इस बीच मारपीट करने वाले तीनों चचेरे भाई मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपी चचेरे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

