प्रयागराज. जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और संतों से जुड़े विवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी दलों के साथ-साथ कांग्रेस भी लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रयागराज पहुंचकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद अजय राय ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कड़ा संदेश दिया।
अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रयागराज में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार लगातार स्वामी जी का अपमान कर रही है। धर्माचार्यों को डराने और उनकी आवाज दबाने की मानसिकता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। अजय राय ने साफ कहा कि कांग्रेस सत्य, धर्म और न्याय के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।
दरअसल पूरा मामला मौनी अमावस्या के दिन संगम स्नान से जुड़ा है। इस दिन संगम पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी, जिससे पूरे क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल बन गया था। इसी दौरान ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद भी संगम पहुंचे थे, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण प्रशासन ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। प्रशासन की ओर से उनसे रथ से उतरकर पैदल जाने का आग्रह किया गया, जिस पर उनके भक्तों और पुलिस के बीच विवाद शुरू हो गया।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आरोप लगाया है कि इस दौरान पुलिस ने संतों और भक्तों के साथ मारपीट की। उनका कहना है कि जब प्रशासन ने उन्हें रोका तो वे सहयोग के लिए तैयार थे और वापस लौटने लगे थे, लेकिन उसी समय पुलिस ने संतों और श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज कर दिया। इसी घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए धर्माचार्यों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर सख्त चेतावनी दी है।

