विधायक के घर काम करने वाली युवती ने की आत्महत्या, फंदे पर लटकी मिली लाश, MLA गोलू शुक्ला के पोते की देखभाल करती थी नेहा

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज आत्महत्या का मामला सामने आया है, जहां भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के आवास पर काम करने वाली 19 वर्षीय युवती नेहा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। नेहा विधायक गोलू शुक्ला, इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन, के घर घरेलू काम करती थी और विधायक के भतीजे यश शुक्ला के पोते की देखभाल की जिम्मेदारी संभाल रही थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक नेहा भगत सिंह नगर खारच्चा की रहने वाली थी और रवि यादव की बेटी थी। यह पूरा मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। बताया गया है कि नेहा के माता-पिता भी लंबे समय से विधायक के घर घरेलू कार्यों में सहयोग कर रहे थे। बुधवार शाम जब नेहा के पिता घर पहुंचे तो उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका हुआ देखा, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या लिखित संदेश बरामद नहीं हुआ है, जिस वजह से आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिवारजनों, घर में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी तरह का दबाव, मानसिक तनाव या व्यक्तिगत समस्या तो इसकी वजह नहीं बनी। विधायक के घर से जुड़ा मामला होने के कारण यह घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *