हिंदुत्व मुद्दे पर कांग्रेस का उपवास, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- अंग्रेजों ने नहीं पूछा शंकराचार्य कौन हैं, भाजपा सरकार ने किया अपमान

 भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस 24 जनवरी को भोपाल के रोशनपुरा में एक दिन का उपवास करेगी। इस दौरान शंकराचार्य की पूजन-अर्चना की जाएगी और कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, साधु-संत, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल होंगे। पीसी शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अंग्रेजों के शासनकाल में भी कभी यह सवाल नहीं उठाया गया कि शंकराचार्य कौन हैं, लेकिन भाजपा की सरकार में शंकराचार्य से पहचान पूछी जा रही है और उनके शिष्यों के साथ मारपीट की गई है, जो सीधे तौर पर हिंदुओं का अपमान है।

पीसी शर्मा ने आगे कहा कि वाराणसी के मणिकर्णिका घाट को भी तहस-नहस कर दिया गया है, जहां मोक्ष की आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में हालात नरक जैसे हो गए हैं और जहां मोक्ष मिलने की बात कही जाती है, वहां भी उजाड़ मचा दिया गया। उन्होंने भोपाल में गौ माता के अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां गौहत्या तक हो रही है, जो बेहद गंभीर विषय है।

अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूरे होने पर टिप्पणी करते हुए पीसी शर्मा ने भाजपा को रावणी तत्व बताया और कहा कि यह सरकार कभी भगवान राम के पदचिन्हों पर नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि वे खुद अयोध्या गए थे और भगवान राम से भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की थी। भोपाल में सड़क धंसने के मामले पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि ठेकेदारों पर तो कार्रवाई होती है, लेकिन अधिकारियों को बचाया जाता है, जबकि सरकार अच्छी तरह जानती है कि बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम हेल्पलाइन पूरी तरह हेल्पलेस हो चुकी है और पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त है।

एसआईआर को लेकर नया आरोप लगाते हुए पीसी शर्मा ने कहा कि आज इस मामले में कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सात नंबर फॉर्म भाजपा कार्यालय से दिए जा रहे हैं, अल्पसंख्यकों पर जबरन दबाव बनाया जा रहा है और आदिवासियों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा पहले फर्जीवाड़ा कर नाम जोड़कर चुनाव जीतती रही और अब जबरन नाम कटवाने का काम कर रही है। पीसी शर्मा ने दावा किया कि इस संबंध में कांग्रेस को कई शिकायतें मिली हैं और पार्टी इस पूरे मामले में सख्त एक्शन लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *