ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोचिंग से घर लौट रही 20 वर्षीय छात्रा के साथ दिनदहाड़े मारपीट कर दुष्कर्म किया गया। यह घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास बुधवार दोपहर की है, जिसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़िता स्टेनोग्राफी की तैयारी के लिए कोचिंग जाती थी और बुधवार को स्कूटी से घर लौट रही थी, तभी दतिया निवासी हर्ष ठाकुर और उसके एक साथी ने बाइक से जानबूझकर उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी हर्ष ने डंडे से उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी बेहोश छात्रा को जबरन एक मकान में ले गए, जहां हर्ष ने उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा के होश में आने और विरोध करने पर आरोपियों ने दोबारा उसके साथ मारपीट की और सिर पर बोतल मारकर उसे फिर बेहोश कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को उसकी स्कूटी के पास छोड़कर फरार हो गए। कुछ समय बाद होश में आने पर छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच के बाद आरोपी हर्ष ठाकुर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है।
इस पूरे मामले में एएसपी विदिता डागर ने बताया कि पीड़िता और आरोपी हर्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। वर्ष 2023 में भी छात्रा ने हर्ष के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि पुरानी जान-पहचान और रंजिश का फायदा उठाकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया। फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की जांच गंभीरता से आगे बढ़ाई जा रही है।

