भोपाल। मध्यप्रदेश के स्थायी कर्मी, दैनिक वेतनभोगी और अंशकालीन कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजधानी भोपाल में इन कर्मचारियों का सत्याग्रह आंदोलन लगातार जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी शामिल होकर सतपुड़ा गेट पर धरने पर बैठी हुई हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ के आदेश के अनुसार उन्हें सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाए या उन्हें नियमित किया जाए। साथ ही शासन द्वारा 22 दिसंबर 2025 को जारी अस्थायी पदों को सांख्येत्तर घोषित करने वाला आदेश तत्काल निरस्त किया जाए। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी लंबे समय से दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं।
अंशकालीन कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें श्रमायुक्त द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन या कलेक्टर दर के अनुसार वेतन भुगतान किया जाए, जबकि अस्थायी कर्मचारियों को पेंशन सुविधा का लाभ भी दिया जाना चाहिए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक सत्याग्रह आंदोलन जारी रहेगा। यह जानकारी मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रांत अध्यक्ष अशोक पांडे ने दी है।

