महिला गार्ड की हत्या से शहर में सनसनी, कमरे में मिला शव, ड्यूटी नहीं पहुंचने पर इंचार्ज के घर पहुंचते ही हुआ खुलासा

इंदौर। शहर में एक महिला गार्ड की निर्मम हत्या से हड़कंप मच गया है। शुक्रवार सुबह इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव उसके ही घर के कमरे में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, जिस दिशा में पुलिस गहन पड़ताल कर रही है।

मृतिका की पहचान गायत्री कुर्मी के रूप में हुई है, जो पेशे से हाउसकीपिंग कर्मचारी थी और टीसीएस में गार्ड की ड्यूटी करती थी। वह अपने पति से अलग रहकर नंदबाग इलाके में अकेली रहती थी। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह उसे ड्यूटी पर पहुंचना था, लेकिन जब वह तय समय पर काम पर नहीं पहुंची तो इंचार्ज को शक हुआ। इसके बाद इंचार्ज जब उसके घर पहुंची और दरवाजा खुलवाया गया, तब कमरे के अंदर महिला की लाश पड़ी मिली और वारदात का खुलासा हुआ।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। मृतिका ड्यूटी के कपड़ों में ही थी और घर में खाना बनाने का सामान भी रखा हुआ मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह रोजमर्रा की तैयारी में थी। इसी दौरान किसी ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रेम संबंध के एंगल से भी जांच कर रही है और महिला के एक सहकर्मी से पूछताछ जारी है।

एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *