दिल दहलाने वाली घटना: कुएं में मिली 3 माह के मासूम और मां की लाश, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी कुएं में तीन माह के मासूम और उसकी मां की लाश तैरती हुई मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से दोनों शवों को बाहर निकालकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है, वहीं पुलिस हत्या और हादसे दोनों एंगल से जांच कर रही है।

यह मामला तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक स्थित सरकारी कुएं का है, जहां मृतकों की पहचान 35 वर्षीय महिला जयंती केवट और उसके तीन माह के बेटे दीपांश केवट के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे नगर पालिका के कर्मचारियों ने जब कुएं में झांका तो महिला और मासूम का शव पानी में तैरता हुआ नजर आया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस हृदयविदारक घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लोग इसे हादसा मान रहे हैं या फिर हत्या की आशंका जता रहे हैं।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस दर्दनाक घटना के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *