नर्मदापुरम। मां नर्मदा प्रकटोत्सव और गौरव दिवस का दो दिवसीय भव्य आयोजन शुरू हो गया है। सेठानी घाट से लेकर पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ है और सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर सेठानी घाट पर मंगलाचरण के साथ उत्सव की विधिवत शुरुआत की गई। इस बार श्रद्धालुओं के लिए सबसे खास आकर्षण म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो है, जिसमें मां नर्मदा की पावन गाथा को भव्य रूप में दर्शाया जाएगा। मुख्य आयोजन कल रविवार को होगा, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल मंच से मां नर्मदा का पूजन और अभिषेक करेंगे।
प्राचीन सेठानी घाट को रंग-बिरंगी इंद्रधनुषी रोशनी से सजाया गया है, साथ ही घाटों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई कर उन्हें बेहद आकर्षक रूप दिया गया है। यह पहला अवसर है जब नर्मदा प्रकटोत्सव पर श्रद्धालुओं को लेजर शो और म्यूजिकल फाउंटेन का अद्भुत अनुभव मिलेगा। मंगलाचरण और पूजन के बाद भजनांजलि का आयोजन किया गया। ‘इंद्रधनुष’ कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। शाम को नित्य आरती समिति द्वारा भव्य महाआरती होगी और इसके बाद शाम 7 बजकर 30 मिनट पर भोपाल की कलाकार श्वेता शर्मा अपने साथियों के साथ मां नर्मदा पर केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी।
सोहागपुर विधायक विजय पाल सिंह ने बताया कि नर्मदा जयंती के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंच से मां नर्मदा की आरती और अभिषेक करेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने कहा कि नगर पालिका द्वारा आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं पंडित पंकज पाठक ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी नर्मदा जयंती की शुरुआत आज से हो चुकी है और कल मुख्य दिन पर शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर उत्साहपूर्वक नर्मदा जयंती महोत्सव में शामिल होंगे।

