भोपाल। राजधानी भोपाल में 26 टन गोमांस बरामद होने के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है और हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच के दौरान अब इस पूरे मामले का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन भी उजागर हुआ है, जिसमें चीन और अरब देशों तक सप्लाई की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक स्लॉटर हाउस से निकलने वाला गोमांस मुंबई के जरिए अरब देशों तक भेजा जाता था, जबकि मांस की हड्डियां चीन एक्सपोर्ट की जाती थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह खुलासा आरोपियों से पूछताछ और रिमांड के दौरान हुआ है, जिसके बाद अब पुलिस चीन एंगल से भी जांच में जुट गई है।
आरोपी असलम ने पूछताछ में बताया कि माल की पैकिंग स्लॉटर हाउस में ही की जाती थी और उसका कारोबार विदेशों तक फैला हुआ था। पुलिस अब असलम के बिजनेस पार्टनर्स और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल असलम और उसका ड्राइवर शोएब 25 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

