गंजबासौदा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा-त्योंदा थाना क्षेत्र के ग्राम रायखेड़ी धाम में देर रात लूट की एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर बेखौफ अंदाज में लूट को अंजाम दिया।
बीती रात करीब साढ़े बारह से एक बजे के बीच चार लुटेरे छत के रास्ते बृजबिहारी कुर्मी पटेल के घर में घुसे और जागने पर उन्हें हथियार के बल पर काबू में ले लिया।
इसके बाद लुटेरों ने उनकी पत्नी और बेटे सत्यम को भी बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगद राशि समेट ली।
परिजनों के मुताबिक बदमाशों के पास तीन तलवारें और एक देसी कट्टा था और उन्होंने बृजबिहारी तथा उनके बेटे के साथ मारपीट भी की।
सत्यम ने बताया कि लुटेरे करीब 40 से 45 तोला सोना-चांदी और 8 से 10 लाख रुपये नगद लेकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद बृजबिहारी की पत्नी ने किसी तरह खुद को आजाद किया और परिवार के अन्य सदस्यों को खोलने के बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

