MP Board Exam 2025-26: बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्न-पत्रों की डबल पैकिंग, मोबाइल एप से होगी निगरानी

भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एमपी बोर्ड परीक्षा 2025-26 की तैयारियां पूरी कर ली हैं और इस बार नकल व पेपर लीक रोकने के लिए बेहद सख्त इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।

बोर्ड परीक्षा में पेपर लीक की आशंका खत्म करने के लिए इस बार प्रश्न-पत्रों की डबल पैकिंग की जाएगी। प्रश्न पत्रों को पहले सील्ड बॉक्स में रखा जाएगा और फिर लोहे की पेटी में बंद किया जाएगा, जिसे परीक्षा के दिन सीधे परीक्षा कक्ष में ही खोला जाएगा। इससे पहले किसी भी स्तर पर प्रश्न पत्रों से छेड़छाड़ की गुंजाइश नहीं रहेगी।

इसके साथ ही परीक्षा की निगरानी अब मोबाइल एप के जरिए की जाएगी। हर प्रश्न-पत्र बंडल की लोकेशन ट्रेस की जाएगी और परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को मंडल का मोबाइल एप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। इसी एप के माध्यम से प्रश्न पत्र खोलने, वितरण, परीक्षा समाप्त होने के बाद बंडल तैयार करने और मूल्यांकन केंद्र पर जमा करने तक की पूरी प्रक्रिया की एंट्री की जाएगी।

मध्यप्रदेश बोर्ड की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होंगी और वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं और 12वीं के करीब 16 लाख छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। बोर्ड का दावा है कि इस बार की व्यवस्था से नकल और पेपर लीक पर पूरी तरह से रोक लग सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *