मां नर्मदा प्रकटोत्सव: नदी के पवित्र बरमान घाट पर उमड़ी भक्तों की भीड़, कड़ाके की ठंड में लगाई आस्था की डुबकी

नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश में मां नर्मदा प्रकटोत्सव रविवार को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है, जहां कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

नर्मदा जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नरसिंहपुर जिले के पवित्र बरमान घाट पर भक्तों की भारी भीड़ रात से ही उमड़ने लगी थी। तड़के सुबह सूर्य की पहली किरण जैसे ही मां नर्मदा के जल पर पड़ी, वैसे ही श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ कमाया। यह धार्मिक क्रम दोपहर तक लगातार जारी रहने वाला है।

मान्यता है कि इसी पवित्र तट पर सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा ने तपस्या की थी, इसलिए नर्मदा प्रकटोत्सव के दिन यहां स्नान और पूजन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था और विश्वास के चलते आज लाखों की संख्या में मां रेवा के भक्त बरमान घाट पहुंचे, भक्ति में झूमते हुए मां नर्मदा की आराधना की और आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *