खातेगांव। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के तराना में हुई हिंसा के बाद अब देवास जिले के खातेगांव से भी मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके बेटे के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में खातेगांव के चुन्ना भट्ठी इलाके में आधा दर्जन से अधिक लोग मां और बेटे को लाठी-डंडों से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। पीड़ित मां-बेटे का आरोप है कि ईंट लेने के दौरान कम पैसे देने का दबाव बनाया जा रहा था, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उनके साथ मारपीट की गई।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन के कार्यकर्ता गौतम यादव ने कहा कि आरोपियों पर कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट ने बताया कि पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

