शहडोल में कोहरे ने रोकी रफ्तार, गणतंत्र दिवस पर शून्य के करीब पहुंची विजिबिलिटी, 5 मीटर तक सिमटी दृश्यता, ठंड बढ़ने के आसार

शहडोल। गणतंत्र दिवस की सुबह शहडोल जिले में मौसम ने अचानक करवट ले ली और तड़के से ही घना कोहरा छा गया। पूरा शहर धुंध की मोटी चादर में लिपटा नजर आया और हालात ऐसे बने कि दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई। कई इलाकों में विजिबिलिटी घटकर महज 5 मीटर रह गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

आमतौर पर जहां सुबह के वक्त वाहनों की आवाजाही देखने को मिलती है, वहीं कोहरे की वजह से गणतंत्र दिवस की सुबह सड़कों पर पहिए थमे नजर आए। वाहन चालक घरों से निकलने में हिचकते दिखे, हालांकि बदले मौसम के बावजूद देशभक्ति का जज्बा कम नहीं हुआ। घने कोहरे के बीच केवल स्कूली बच्चे सड़कों पर नजर आए, जो अपने-अपने स्कूलों में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे।

आसमान में बादल छाए रहने से ठंड का असर और बढ़ गया है। ठंडी हवाओं के साथ कोहरे ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह घरों से निकलने वाले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और कई स्थानों पर लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बादलों की मौजूदगी के कारण आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। सुबह और रात के समय कोहरा बने रहने के भी आसार जताए जा रहे हैं।

वहीं प्रशासन और यातायात विभाग ने वाहन चालकों से घने कोहरे के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग करने को कहा गया है। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां गणतंत्र दिवस की सुबह को खास बना दिया, वहीं ठंड और कोहरे ने लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *