सतना। कोठी तहसील के पैकौरा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक पागल कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही एक मासूम बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में 5 साल की बच्ची का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया और उसके मुंह में दांत गड़ जाने से हालत बेहद गंभीर बन गई।
पैकौरा गांव निवासी मुकेश विश्वकर्मा की 5 वर्षीय बेटी महक घर के बाहर खेल रही थी, तभी पीछे से आए पागल कुत्ते ने उस पर झपट्टा मार दिया और चेहरे को नोच लिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े और किसी तरह कुत्ते को भगाकर उसकी जान बचाई।
हमले के बाद लहूलुहान हालत में बच्ची को तत्काल कोठी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक कुत्ते के काटने से बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
गांव में कुत्तों के हमलों की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।

