मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सरकारी स्कूल के बच्चों के साथ मिड-डे मील के नाम पर बेहद शर्मनाक हरकत सामने आई है। संविधान और अधिकारों के उत्सव के दिन मासूम बच्चों को न थाली मिली और न ही सम्मान, बल्कि उन्हें रद्दी कागज पर खाना परोसा गया। यह घटना शासकीय हाई स्कूल भटिगंवा की है, जहां विशेष भोज के नाम पर बच्चों को हलवा और पूड़ी दी गई, लेकिन साफ-सुथरी थाली की जगह गंदे कागजों पर।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चे जमीन पर बैठकर रद्दी कागज पर रखा खाना खाने को मजबूर हैं। वीडियो सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और प्रशासन हरकत में आया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने तत्काल जांच के आदेश दिए।
मामले पर कलेक्टर रानी बाटड ने संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की है। जिला शिक्षा केंद्र के डीपीसी से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी प्राचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी के निलंबन का प्रस्ताव रीवा कमिश्नर को भेजा गया है। वहीं संविदा कर्मचारी बीआरसी प्रदीप सिंह का एक माह का वेतन काटा गया है। इसके अलावा कलेक्टर ने जिला पंचायत की मध्यान्ह भोजन शाखा प्रभारी और डीपीसी को कारण बताओ नोटिस जारी कर इस लापरवाही पर जवाब तलब किया है।

