इंदौर। इंदौर के महू इलाके में छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को यूनिवर्सिटी से पासआउट बताकर पीड़िता को लिफ्ट दी थी, जबकि छात्रा हॉस्टल जाने के लिए रैपिडो बुक करने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया है।
दरअसल महू की एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्रा कॉलेज से करीब दस मिनट की दूरी पर स्थित अपने हॉस्टल जा रही थी। इसी दौरान वह रैपिडो बुक कर रही थी, तभी एक युवक वहां पहुंचा और खुद को यूनिवर्सिटी का पूर्व छात्र बताते हुए उसे छोड़ने की बात कही। भरोसा कर छात्रा उसके साथ बैठ गई, लेकिन आरोपी उसे पिगडंबर क्षेत्र में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह हॉस्टल पहुंची और अपनी सहेली को आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। किशनगंज पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

