Ratlam Blast Case: विस्फोट में घायल बंदूक दुकान मालिक की मौत, अस्पताल में देर रात आया हार्ट अटैक

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम में हुए ब्लास्ट केस में अब एक और दर्दनाक खबर सामने आई है। विस्फोट में गंभीर रूप से घायल बंदूक दुकान मालिक युसूफ अली की इलाज के दौरान मौत हो गई। 58 वर्षीय युसूफ अली इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां देर रात उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया और उनकी जान चली गई।

गौरतलब है कि 26 जनवरी को रतलाम के चांदनी चौक इलाके में सोमवार को एक बंदूक की दुकान में अचानक जोरदार धमाका हुआ था। धमाका इतना तेज था कि दुकान में तुरंत आग लग गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त दुकान के अंदर और आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोग इस कदर झुलस गए कि उनके कपड़े तक जल गए और सड़क पर बिखर गए।

इस भयावह हादसे के एक्सक्लूसिव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे, जिनमें रिहायशी इलाके में हुए धमाके की डरावनी तस्वीरें कैद हुईं। वीडियो में दिखा कि सड़क पर लोग सामान्य रूप से आ-जा रहे थे। एक युवक दुकान के बाहर खड़ी बाइक पर बैठकर मोबाइल देख रहा था, वहीं उसके आगे दो लोग चल रहे थे, जिनमें से एक मोबाइल पर बात कर रहा था। तभी सामने से आ रही एक पिकअप के रुकते ही अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया।

धमाके के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई झुलसे लोगों ने सड़क पर ही अपने जले हुए कपड़े उतार दिए। कहीं जूते पड़े दिखे तो कहीं जले हुए कपड़े सड़क पर बिखरे नजर आए। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया था और अब दुकान मालिक की मौत के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *