उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद दर्जनों छात्रों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में बूंदी खाने के बाद बच्चों की हालत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पूरा मामला करकेली विकासखंड के जरहा ग्राम का है, जहां हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले कई छात्रों को अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। बच्चों की हालत बिगड़ते देख स्कूल प्रशासन और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस की मदद से 9 से 10 बच्चों को जिला चिकित्सालय उमरिया पहुंचाया गया, जबकि 15 से 20 बच्चों को घुलघुली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि 26 जनवरी के अवसर पर स्कूल में वितरित की गई बूंदी खाने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

