इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से डांसर सुपर कॉप रंजीत सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी रंजीत सिंह पर अब विभागीय कार्रवाई की गई है। उन्हें प्रधान आरक्षक के पद से डिमोशन कर आरक्षक बना दिया गया है।
यह कार्रवाई इंस्टाग्राम पर एक महिला से कथित अश्लील चैटिंग के आरोपों के बाद की गई है। मामले की विभागीय जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने यह सख्त फैसला लिया।
रंजीत सिंह इंदौर ट्रैफिक पुलिस में अपने अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए वह डांस और माइकल जैक्सन के मूनवॉक जैसे स्टेप्स का इस्तेमाल करते थे। इसी वजह से उन्हें ‘डांसिंग कॉप ऑफ इंडिया’ के नाम से पहचान मिली और सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स भी बने।
हालांकि, सोशल मीडिया से जुड़ी इस विवादित शिकायत के बाद उनकी छवि पर सवाल उठे और अब विभागीय कार्रवाई के तहत उन्हें पदावनत कर दिया गया है। इस फैसले के बाद डांसिंग कॉप रंजीत सिंह एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।

