ये कैसा हिंदू परिषद है? विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री ने लगवाया विवादित पोस्टर, बाबा के समर्थन में राजनीति का आरोप

विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह ने हाल ही में एक विवादित होर्डिंग लगवाया है। इस पोस्टर में ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को “रावण” और “कांग्रेसाचार्य” बताया गया है। यह होर्डिंग खासतौर पर लखनऊ से प्रयागराज जाने वाले NH पर बछरावां कस्बे में लगाई गई है।

होर्डिंग में आरोप लगाया गया है कि शंकराचार्य “धर्म की गद्दी पर बैठकर राजनीति की स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं।” साथ ही इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन करते हुए लिखा गया है कि “योगी बाबा जी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।” राहुल सिंह का दावा है कि शंकराचार्य राम मंदिर और काशी विश्वनाथ परियोजना का विरोध कर रहे हैं और राजनीतिक पक्षपात कर रहे हैं।

यह विवाद खासतौर पर तब गरमा गया जब यह होर्डिंग राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में भी लग गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने इसे आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला करार देते हुए राहुल सिंह के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि इस होर्डिंग को किसने, कैसे और किन परिस्थितियों में लगवाया।

कांग्रेस का कहना है कि यह धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। राहुल सिंह पहले भी राहुल गांधी के खिलाफ ऐसे आपत्तिजनक होर्डिंग्स लगवा चुके हैं, जिससे पहले भी विवाद पैदा हो चुका है। अब यह मामला नए सिरे से राजनीति और धर्म के बीच विवाद का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *