सिवनी। केंद्रीय विद्यालय में उस वक्त हंगामा मच गया जब 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं की टी-शर्ट उतरवाने का मामला सामने आया। इस फैसले से नाराज परिजन बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल के खिलाफ विरोध जताया। परिजनों ने बच्चों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक 29 जनवरी को प्रैक्टिकल परीक्षा के बाद कुछ छात्र-छात्राएं टी-शर्ट पहनकर स्कूल आए थे। इन टी-शर्ट्स पर दिल का निशान, LOVE लिखा हुआ और कुछ नेताओं के नाम भी दर्ज थे। इसे देखकर प्रिंसिपल दीपक ने इसे यूनिफॉर्म की गरिमा के खिलाफ बताते हुए स्कूल की छवि धूमिल होने का हवाला दिया और बच्चों से पालकों को बुलाने को कहा। इसी दौरान छात्रों की टी-शर्ट उतरवा दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि टी-शर्ट पर लिखी बातों में कोई अपराध नहीं है और इस तरह बच्चों के कपड़े उतरवाना गलत है। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस घटना से बच्चों को मानसिक आघात पहुंचा है और प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

