भोपाल। राजधानी भोपाल से साइबर फ्रॉड की बड़ी खबर सामने आई है जहां शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर 9 लाख 91 हजार 900 रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया और भोपाल क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने इस मामले में मंदसौर जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक ठगी एम-स्टॉक ऐप के जरिए की गई, फर्जी ऐप और लिंक भेजकर पीड़ित को शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया गया और मिसरोद निवासी शिकायतकर्ता ने 4 अगस्त 2024 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
लालच में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 9 लाख 91 हजार 900 रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए और बाद में जब मुनाफे के नाम पर टालमटोल होने लगी तो ठगी का एहसास हुआ।
भोपाल साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल के आधार पर मंदसौर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा और उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क संगठित तरीके से लोगों को ऑनलाइन निवेश के नाम पर फंसाता था और अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य साथियों और ठगी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

