शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 7 वर्षीय मासूम ऋतिक कोल का शव बंद पड़ी कोयला खदान में भरे पानी से बरामद किया गया है, बच्चे का शव नग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक झिल्ली दफाई निवासी ऋतिक कोल पिछले पांच दिनों से लापता था, परिजनों ने धनपुरी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, बच्चे की तलाश में पुलिस और परिजन लगातार जुटे हुए थे और सुराग देने वाले के लिए पांच हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई थी।
बगैय्या नाला के पास स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में भरे पानी में बच्चे का शव तैरता हुआ देखा गया, स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी, उधर मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि पांच दिनों से लापापता चल रहे 7 वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ है, मर्ग कायम कर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

