मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर में नकली घी बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने देर रात सीतामऊ फाटक इलाके के एक घर पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है, मौके पर नकली घी तैयार करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने घर से करीब 150 लीटर नकली घी बरामद किया है, इसके साथ ही सोयाबीन तेल, घी बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और एक केमिकल भी जब्त किया गया है, यह केमिकल घी में खुशबू और असली जैसा रंग लाने के लिए मिलाया जाता था ताकि ग्राहक धोखे में आ जाएं।
पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से मंदसौर में रहकर नकली घी तैयार कर ग्रामीण इलाकों में सप्लाई कर रहे थे और लोगों की सेहत से खुलकर खिलवाड़ कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी अहमदाबाद के रहने वाले हैं और वहीं से नकली घी बनाने का तरीका सीखकर यहां आए थे, रेवेन्यू पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया है।
फूड सेफ्टी विभाग ने जब्त घी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इसमें कौन-कौन से हानिकारक रसायन मिलाए गए थे, वहीं गोपाल और संजय नाम के दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

